पटना : बिहार MLC चुनाव में जन सुराज की ओर से नोट बांटने की खबर है। MLC चुनाव में जनसुराज के प्रचार कार्ड के साथ 500 रुपये के नोट के बंडल की तस्वीर वायरल हो रही है। सत्तारूढ़ भाजपा ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत कर जांच की माग की है।
बीजेपी के आरोपों पर पलटवार करते हुए पीके की जनसुराज पार्टी ने आरोपों को फर्जी बताया, साथ ही पीके की पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने कहा कि इस तस्वीर के जरिए पार्टी को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा अपनी हार से हताश होकर फर्जी हथकंडा अपना रही है।
सौरभ ने दावा किया कि जनसुराज को सभी सीटों पर शिक्षकों व स्नातकों का समर्थन मिल रहा है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने मामले को प्रशांत किशोर (PK) की कड़ी आलोचना करते हुए चिंताजनक बताया है। दानिश ने कहा कि पीके जंगलराज के नए वर्जन हैं। वे आतंक, भ्रष्टाचार और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। दानिश ने चुनाव आयोग से शिकायत की कि वायरल तस्वीर के साथ नकदी के स्रोत और इसमें शामिल लोगों की भी पहचान की जाए।
बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव हो रहा है, चुनाव में पक्ष-विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। इस बीच प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी पर पैसे बांटने के आरोप लगे हैं। बीजेपी ने यह आरोप एक तस्वीर वायरल होने के बाद लगाया है।
वायरल तस्वीर में जनसुराज के प्रचार कार्ड के साथ 500-500 रुपये के नोटों के बंडल दिखाई रहे हैं। उस कार्ड में जनसुराज के तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समर्थित उम्मीदवार श्याम नंदन कुमार की तस्वीर भी दिखाई दे रही है। उनके साथ प्रशांत किशोर की भी तस्वीर लगी है। इस फोटो को लेकर बीजेपी ने जनसुराज पर आरोप लगाया है कि प्रशांत किशोर वोट के बदले पैसे बांट रहे हैं।
बीजेपी ने चुनाव आयोग से इस केस की जांच कराने की मांग की है। वहीं जनसुराज ने इसे फर्जी बताते हुए कहा कि भाजपा हार की हताशा के कारण फर्जी फोटो वायरल कर रही है। भास्करहिंदी वायरल फोटो के प्रमाणित होने का दावा नहीं कर रहा है।