सांकेतिक चित्र 
बिहार

बिहार में मुठभेड़ : तीन संदिग्ध अपराधी ढेर, एक शूटर घायल

अपराधियों के पास से हथियार बरामद हुए

Santosh Sharma

पटना/आरा : बिहार में शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन संदिग्ध अपराधी मारे गए, जबकि एक अन्य संदिग्ध शूटर घायल हो गया।

पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर इलाके में हुई मुठभेड़ के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और जिला पुलिस की संयुक्त टीम अपराध नियंत्रण अभियान के तहत गश्त कर रही थी तभी सूचना मिली कि पूर्व में कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहे कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में इलाके में जुटे हैं।

उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी जिसके जवाब में मनेर थाना प्रभारी और उनकी टीम ने भी गोलीबारी की।

एसएसपी के मुताबिक, मुठभेड़ में तीन अपराधी घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। अपराधियों द्वारा चलाई गई एक गोली थाना प्रभारी की वर्दी को छूकर निकल गई। पुलिस के अन्य जवानों को भी निशाना बनाया गया।

शर्मा ने बताया कि पुलिस ने 18 गोलियां चलाईं, जबकि अपराधियों की ओर से 24 से अधिक गोलियां दागी गईं। अपराधियों के पास से हथियार बरामद हुए हैं।

उन्होंने बताया कि तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे दानापुर, शाहपुर तथा आसपास के थानों में दर्ज कई मामलों में वांछित थे। अष्टमी के दिन मनेर में हुई एक हत्या के मामले में भी उनकी संलिप्तता सामने आई थी।

एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियोग्राफी के बीच शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

इस बीच, भोजपुर जिले में शुक्रवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक संदिग्ध शूटर घायल हो गया जिसकी पहचान पवन यादव के रूप में हुई है और वह सेवानिवृत्त सीमा शुल्क अधिकारी की हत्या के मामले में वांछित था।

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश दीक्षित ने बताया कि मुठभेड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव के पास हुई।

उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त सीमा शुल्क अधिकारी राम कुमार सिंह की हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी और एक शूटर ने पूछताछ के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार छिपाने की जगह बताई थी। इसके बाद नवादा थाने की पुलिस टीम उसे हथियार बरामद करने के लिए वहां ले गई थी।

दीक्षित के अनुसार, इसी दौरान पवन यादव ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी की और भागने की कोशिश की। चेतावनी देने के बावजूद उसने गोलीबारी जारी रखी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक गोली यादव के पैर में लगी।

राम कुमार सिंह की 15 अक्टूबर को आरा शहर में जैन कॉलेज के पूर्वी द्वार के पास तीन नकाबपोश हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह सीमा शुल्क विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं पूर्व सहायक आयुक्त थे।

SCROLL FOR NEXT