Bihar CM Samrat Chaudhary File Photo
बिहार

बिहार में कोचिंग पर सख्ती: CM सम्राट चौधरी ने ‘कोचिंग बिल’ के नियम कड़े करने की तैयारी तेज की

स्कूल-कॉलेज के समय में कोचिंग पर रोक, सभी संस्थानों को छात्रों की पूरी जानकारी जिला प्रशासन को देना अनिवार्य

पटना : बिहार में कोचिंग सेंटर्स को लेकर मची अफरातफरी के बाद, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा एक्शन लिया है। सीएम ने कोचिंग सेंटर चलाने को लेकर कई निर्देश जारी किए हैं। सबसे बड़े बदलावों में से एक यह है कि किसी भी कोचिंग सेंटर को स्कूल या कॉलेज के समय के दौरान कोचिंग क्लास चलाने की इजाजत नहीं होगी। इसके अलावा बिहार सरकार ने कोचिंग सेंटर्स से उनके यहां पढ़ने वाले स्टूडेंट्स की डिटेल्स भी मांगी हैं।

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर कोचिंग सेंटर्स के लिए जारी निर्देश की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में छात्रों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कोचिंग चलाने को लेकर शिक्षा विभाग को महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं।

कोचिंग संस्थानों के लिए जरूरी निर्देश

  • सभी कोचिंग संस्थानों को अपने यहां पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट्स की डिटेल्स संबंधित जिला प्रशासन को देना अनिवार्य होगा।

  • स्कूल और कॉलेज चलने के दौरान कोई भी कोचिंग क्लास नहीं चलनी चाहिए।

  • जिन छात्रों ने अपनी रेगुलर पढ़ाई कर ली है, उन पर स्कूल-कॉलेज के समय वाला नियम लागू नहीं होगा। वे उस समय में कोचिंग क्लास ले सकते हैं।

नियम सख्त करने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को कोचिंग सेंटर्स से जुड़ी नियमावली तैयार करने का निर्देश दिया है। यानी राज्य शिक्षा विभाग कोचिंग सेंटर्स को रेगुलेट करने वाले ' बिहार कोचिंग संस्थान (नियंत्रण एवं विनियमन), विधेयक 2010' के नियमों को और सख्त कर सकती है। अगर कोई कोचिंग संस्थान इन नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब कोचिंग सेंटरों की बढ़ती संख्या और फॉर्मल स्कूली शिक्षा पर उनके नकारात्मक असर को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।

क्या कहना है ​बिहार के शिक्षा मंत्री का ?

हाल ही में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी कोचिंग संस्थानों के लिए नियम सख्त करने और नियम तोड़ने वाले कोचिंग संस्थानों पर रोक लगानी की बात कही थी। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा था कि कोचिंग संस्थान अगर आपस की प्रतिस्पर्धा में एक-दूसरे के साथ तनाव की स्थिति उत्पन्न करेंगे और विधि-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की संभावना होगी तो इसे रोकने के लिए एक नीति बनाई जाएगी।

ध्यातव्य है कि कुछ दिन पहले पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान में तोड़फोड़ और गार्ड के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। इस घटना का आरोप पास के कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु कोचिंग पर लगा है। इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने कोचिंग व्यवस्था को और सख्त बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT