सम्राट चौधरी 
बिहार

CM सम्राट बोले- बिहार में इंजीनियरिंग की पढ़ाई का वार्षिक शुल्क मात्र 10 रुपये है

कहा- राज्य के प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा बिहार ऐसा राज्य है जहां इंजीनियरिंग की पढ़ाई का वार्षिक शुल्क मात्र 10 रुपये तथा डिप्लोमा छात्रों से केवल 5 रुपये शुल्क लिया जाता है।

उन्होंने कहा कि राज्य के सभी अनुमंडलों में ITI और पॉलिटेक्निक संस्थान तथा सभी जिलों में इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित किए गए हैं।

चौधरी ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नवनिर्मित बिहटा (पटना) स्थित प्रौद्योगिकी केंद्र और चार विस्तार केंद्रों (मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर) का उद्घाटन किया। चौधरी ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति हब के तहत उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रौद्योगिकी केंद्र परिसर में स्थापित विभिन्न इकाइयों और प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्थापित इन प्रौद्योगिकी केंद्रों से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को डिप्लोमा और डिग्री प्रदान की जाएगी, जिससे उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिलेंगे और रोजगार सृजन का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में बिहटा स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रिसर्च सेंटर की स्थापना के लिए 200 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि सरकार के एक वर्ष पूरे होने तक बिहार में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश लाया जाए, ताकि बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित हों और रोजगार के अवसर बढ़ें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई माह से राज्य के प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे तथा प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल की स्थापना की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सहयोग कार्यक्रम के तहत प्रत्येक माह दो दिन प्रखंड, अंचल और थाना स्तर पर शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का मौके पर निपटारा किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT