अररिया/किशनगंज : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान अररिया और किशनगंज जिलों में लगभग 781 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का उद्घघाटन व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने इन जिलों में जार विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, नीतीश ने अररिया जिले के लिए 157 करोड़ रुपये की लागत से 60 योजनाओं का उद्घाटन, 331 करोड़ रुपये की लागत से छह योजनाओं का शिलान्यास एवं 58 करोड़ रुपये की लागत से दो योजनाओं का कार्यारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने अररिया पुलिस लाइन में आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों के निर्माण और विद्युतीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया। उन्होंने इसके साथ ही कटिहार–जोगबनी रेलखंड पर फोर्ब्सगंज और बथनाहा स्टेशनों के बीच सुभाष चौक के पास प्रस्तावित ऊपरी पुल के निर्माण सहित अन्य परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों, साइकिल योजना से लाभान्वित छात्राओं, अक्षर आंचल योजना के लाभार्थियों और छात्र ऋण कार्ड योजना के लाभार्थियों से भी बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से कहा कि सरकार सभी के कल्याण के लिए काम कर रही है और समाज के हर वर्ग की मदद के लिए प्रयासरत है। नीतीश ने किशनगंज जिले में 235 करोड़ रुपये की लागत वाली 122 योजनाओं की शुरुआत की।
उन्होंने 102 करोड़ रुपये की लागत वाली 49 योजनाओं व परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 133 करोड़ रुपये की लागत वाली 73 योजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी तथा उद्योग एवं सड़क निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।