पटना में ‘महिला संवाद’ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाते हुए सीएम नीतीश कुमार 
बिहार

CM नीतीश कुमार ने की ‘महिला संवाद’ अभियान की शुरुआत, 2 करोड़ महिलाएं लेंगी भाग

राज्य में करीब 70 हजार स्थानों पर किया जाएगा संवाद का आयोजन

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे कल्याणकारी उपायों की उन्हें जानकारी देने के लिए शुक्रवार को महिला संवाद अभियान की शुरूआत की। संवाद का आयोजन राज्य में करीब 70 हजार स्थानों पर किया जाएगा, जिसमें 2 करोड़ से अधिक महिलाएं भाग लेंगी। मुख्यमंत्री ने यहां 1, अणे मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास से सभी जिलों के लिए ‘महिला संवाद’ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ये वाहन सभी जिलों में जाएंगे और महिलाओं के लिए सरकार के कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाएंगे और संवाद की सुविधा प्रदान करेंगे। इसमें कहा गया है कि सरकार द्वारा किए गए कार्यों को अभियान के दौरान वीडियो फिल्मों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए बड़ी टेलीविजन स्क्रीन वाले करीब 600 वाहनों का उपयोग किया जा रहा है।

अभियान के दौरान प्राप्त सुझावों को अधिकारियों द्वारा संकलित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना और उन्हें उन संसाधनों एवं अवसरों से जोड़ना है जो राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को मुहैया कराये जा रहे हैं। कार्यक्रम में, महिलाओं को संबोधित मुख्यमंत्री द्वारा लिखा गया पत्र भी जारी किया गया।

संवाद के दौरान प्राप्त होने वाली समस्याओं का विभिन्न स्तरों पर त्वरित समाधान किया जाएगा। इससे सरकार को महिलाओं के लिए नीतियां एवं योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी। अभियान के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में महिलाओं की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी और उनका तत्काल समाधान किया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT