गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड  
बिहार

चंदन मिश्रा हत्याकांड : आरा में आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, 3 और गिरफ्तार

2 शूटर अभी भी फरार

आरा : बिहार के पटना में एक निजी अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या के मामले में वांछित 3 लोगों को मंगलवार को बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान बलवंत कुमार, रविरंजन कुमार सिंह और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

खुफिया जानकारी के आधार पर विशेष कार्य बल और जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम तड़के करीब 5 बजे उनकी तलाश में बिहियां इलाके में पहुंची। पुलिसकर्मियों को देखकर उन्होंने गोलीबारी कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की और उन्हें काबू कर लिया। ये गैंगस्टर चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या करने वाले शूटरों में शामिल थे।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में बलवंत कुमार और रविरंजन कुमार सिंह गोली लगने से घायल हो गए। गोलीबारी में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। आरोपियों के पास से 3 पिस्तौल, 2 मैगजीन और 4 कारतूस जब्त किये गये। अधिकारियों ने बताया कि कुमार और सिंह का भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के एक सरकारी अस्पताल में इलाज हो रहा है।

पैरोल पर बाहर आए, हत्या के दोषी मिश्रा की 17 जुलाई को पटना के एक निजी अस्पताल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह, उसके चचेरे भाई निशु खान और उनके दो साथियों हर्ष और भीम को शनिवार को कोलकाता से गिरफ्तार किया।

पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, बलवंत कुमार और रविरंजन कुमार सिंह की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मिश्रा की हत्या में शामिल 5 शूटरों में से 3 को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है। एक अन्य शूटर तौसीफ पहले से ही पुलिस हिरासत में है। उनकी पहचान उजागर करने से इनकार करते हुए कहा, दो शूटर अभी भी फरार हैं। हम जल्द ही उन्हें पकड़ लेंगे।

SCROLL FOR NEXT