मधुबनी : बिहार के मधुबनी जिले में गोलीबारी की एक घटना के बाद से फरार हत्या के आरोपी सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) का शव एक खेत से बरामद किया गया है। एएसआई चंद्र मोहन सिंह का शव जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र में एक खेत से मिला।
सिंह ने मधुबनी के बलिराजगढ़ गांव में कथित तौर पर एक महिला के घर में बंद पाए जाने के बाद ग्रामीणों से बचकर भागने के लिए अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोलीबारी की थी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे।
मधुबनी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) योगेंद्र कुमार ने बताया, बाबूबरही थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना के बाद सिंह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की करीब 12 विशेष टीम गठित की गई थीं। ये टीमें नेपाल सीमा से सटे इलाकों और बिहार के बाहर उसके संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। बृहस्पतिवार को पुलिस को बाबूबरही में एक खेत में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने और वहां से दुर्गंध आने की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान शव के पास मिले कपड़ों, आधार कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान सिंह के रूप में की गई।
एसएसपी ने बताया कि फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने शव के नीचे से उसकी सर्विस पिस्टल भी बरामद की और घटनास्थल से अन्य साक्ष्य एकत्र किए। उन्होंने कहा, कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया जा रहा है। तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड शव का पोस्टमार्टम करेगा, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बरामद सर्विस पिस्टल की फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।