पटना में BJP के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम 
बिहार

नीतीश कुमार की राज्यसभा पारी के बीच बिहार में BJP को ‘अच्छी खबर’ की उम्मीद

BJP स्थापना दिवस पर रविशंकर प्रसाद के बयान से सूबे में राजनीतिक हलचल

पटना : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को कहा कि पार्टी बिहार में ‘अच्छी खबर’ की प्रतीक्षा कर रही है।

उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रमुख और सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। कुमार ने पिछले सप्ताह राज्य विधान परिषद की सदस्यता छोड़ दी थी और अगले कुछ दिनों में सांसद के रूप में उनके शपथ लेने की संभावना है।

पटना साहिब से लोकसभा सदस्य प्रसाद ने यह टिप्पणी BJP के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में की।

BJP की युवा इकाई से 1980 के दशक में राजनीति शुरू करने वाले प्रसाद ने कहा, 1984 के लोकसभा चुनाव में हम केवल दो सीटें जीत सके थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम लगातार मजबूत हुए हैं। हम बिहार में भी अच्छी खबर की उम्मीद कर रहे हैं।

राजनीतिक हलकों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि 75 वर्षीय नीतीश कुमार अगले सप्ताह तक सत्ता की कमान छोड़ सकते हैं और पिछले वर्ष नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी BJP को अंततः बिहार में अपना मुख्यमंत्री मिल सकता है। हिंदी भाषी राज्यों में बिहार ही एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां BJP अब तक सरकार का नेतृत्व नहीं कर पाई है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रसाद ने इस महीने चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की संभावनाओं के बारे में कहा, असम में हम आराम से सत्ता बरकरार रखेंगे। पश्चिम बंगाल में हम सत्ता हासिल करेंगे। तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनेगी, जबकि केरल में BJP पहले से अधिक मजबूत होकर उभरेगी।

कार्यक्रम में मौजूद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, यह हमारे लिए खुशी की बात है कि BJP 47 वर्ष की हो गई है। वह अगले 4700 वर्षों तक बिहार पर शासन करे।

चौधरी के पास इस समय बिहार का गृह विभाग भी हैं और नेतृत्व परिवर्तन की स्थिति में उन्हें शीर्ष पद का दावेदार माना जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT