पटना : बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद जनता दल यूनाइटेड(JDU) अध्यक्ष नीतीश कुमार भले ही सरकार से अलग हो गए हों, लेकिन उनकी सक्रियता कम नहीं हुई है। इस बीच, गुरुवार को नीतीश कुमार बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पहुंचे और उनसे बातचीत की। इस दौरान कुमार ने चल रही सभी चीजों की रिपोर्ट भी मांगी।
दरअसल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार गुरुवार को अचानक उपमुख्यमंत्री चौधरी के आवास पहुंच गए। यहां बंद कमरे में दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत हुई। जैसे ही दोनों की बातचीत पूरी हुई, नीतीश कुमार बाहर निकले। उनके पीछे-पीछे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी थे। इसी बीच, अपनी कार पर सवार होने के बाद नीतीश कुमार रुके, उन्होंने अपने सुरक्षा में लगे सिक्योरिटी स्टाफ को भी रोका और कहा, जरा विजय चौधरी से बात कर लें।
इसके बाद विजय कुमार चौधरी भी पहुंचे और कुछ मिनटों के बीच दोनों के बीच बातचीत हुई। JDUअध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा, शाम में आइए और एक-एक चीज बताइए, क्या हो रहा है और क्या नहीं, अच्छे से काम कीजिए। इसे लेकर बिहार की सियासत में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। अब नीतीश कुमार के उपमुख्यमंत्री के दिए निर्देश का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस दौरान JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह महनार विधायक उमेश सिंह कुशवाहा के 7M स्ट्रैंड रोड स्थित सरकारी आवास पर भी पहुंचे। उन्होंने कुशवाहा एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं से भेंट की और सभी का अभिवादन स्वीकार किया। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के विस्तार और बिहार के समग्र विकास की दिशा में निष्ठा एवं समर्पण भाव से कार्य करने के निर्देश दिए है।