भाजपा ने पटना में निकाली ‘तिरंगा यात्रा’ -
बिहार

बिहार : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जश्न, भाजपा ने पटना में निकाली ‘तिरंगा यात्रा’

‘तिरंगा यात्रा’ का उद्देश्य सशस्त्र बलों की बहादुरी को प्रदर्शित करना

पटना : भाजपा की बिहार इकाई ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता का जश्न मनाने के लिए बुधवार को राजधानी पटना में ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने एसपी वर्मा रोड स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा से यात्रा शुरू की और ऐतिहासिक गांधी मैदान के पास कारगिल चौक पर इसका समापन हुआ।

‘तिरंगा यात्रा’ में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की बिहार इकाई के प्रमुख उमेश कुशवाहा और कई अन्य मंत्री, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता शामिल हुए। जदयू केंद्र और राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार का गठबंधन सहयोगी दल है।

यात्रा में शामिल लोग राष्ट्रीय ध्वज लिये हुए थे और उन्होंने सुरक्षा बलों के साथ एकजुटता व्यक्त की। प्रतिभागियों ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की सराहना की और सशस्त्र बलों के समर्थन में नारे लगाए।

जायसवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, तिरंगा यात्रा कोई राजनीतिक आयोजन नहीं है। यह देशवासियों की देशभक्ति का प्रदर्शन है। ऑपरेशन सिंदूर हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आतंकवादियों को उनके सुरक्षित पनाहगाह में खत्म करने के संकल्प का स्पष्ट प्रदर्शन है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, पार्टी का लक्ष्य विभिन्न समुदायों के सदस्यों से जुड़ना है, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान के संदेश पर जोर देना है। यात्रा का उद्देश्य सशस्त्र बलों की बहादुरी को प्रदर्शित करना और राजनीतिक सीमाओं से परे नागरिकों से जुड़ना है।

यह यात्रा बृहस्पतिवार को राज्य के सभी संभाग कार्यालयों पर आयोजित की जाएगी तथा शुक्रवार से 23 मई तक पूरे राज्य में ब्लॉक स्तर पर इसका आयोजन किया जाएगा।

भारत द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ सात मई की रात को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और पाकिस्तान में नौ स्थलों पर सटीक हमलों के साथ शुरू किया गया, जिसमें आतंकवादी बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया गया।

SCROLL FOR NEXT