पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने सोमवार को 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी किया जिसमें 85.19 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। राज्य के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई दी और इसे शिक्षा सुधारों का परिणाम बताया।
बोर्ड ने लगातार आठवीं बार रिकॉर्ड समय में 12वीं कक्षा का परिणाम जारी किया है। मात्र 25 दिन में मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इस वर्ष 12वीं कक्षा की परीक्षा में कुल 85.19 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस बार के परिणाम में लड़कियों ने बाजी मारी जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 86.23 रहा जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 84.29 रहा।
बोर्ड के अनुसार, 2 से 13 फरवरी तक हुई 12वीं कक्षा की परीक्षा में कुल 13.17 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए जिनमें 6.75 लाख छात्राएं और 6.42 लाख छात्र थे। सबसे ज्यादा अंक प्राप्त करने वाले 26 विद्यार्थियों (टॉपर्स) में 19 छात्राएं और 7 छात्र हैं।
BSEB के अनुसार, कुल 5,16,928 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी से परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि 5,11,744 विद्यार्थियों को द्वितीय श्रेणी मिली और 82,425 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी से पास हुए।
BSEB के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि समस्तीपुर जिले के विज्ञान संकाय के छात्र आदित्य प्रकाश अमन ने 481 अंक (96.2 प्रतिशत) प्राप्त कर राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया।
कला संकाय में गया जी जिले की निशु कुमारी ने 479 अंक (95.8 प्रतिशत) के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि वाणिज्य संकाय में पटना की अदिति कुमारी ने 480 अंक (96 प्रतिशत) हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया।
BSEB अध्यक्ष ने कहा कि जो विद्यार्थी उत्तीर्ण नहीं हो सके हैं या अपने परिणाम से असंतुष्ट हैं, वे 25 मार्च से 2 अप्रैल तक पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि परीक्षा और मूल्यांकन की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष है तथा पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई।