विधानसभा 
बिहार

बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर हाई अलर्ट पर, तलाशी अभियान जारी

धमकी मिलने के बाद तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई

Santosh Sharma

पटना : बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हो गईं और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

विधानसभा सचिवालय ने धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर को घेर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि श्वान दस्ता और बम निरोधक दस्ता भी पहुंच गया और भवन के अंदर तथा बाहर गहन तलाशी ली जा रही है।

पुलिस के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में विधानसभा परिसर में 13 आरडीएक्स लगाए जाने का दावा किया गया है और दोपहर 2:15 बजे विस्फोट होने की बात कही गई है। ईमेल में विधायकों और आम लोगों को बाहर निकालने का भी उल्लेख किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि एहतियातन विधानसभा परिसर को ‘हाई अलर्ट’ पर रखा गया है और आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है तथा आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब तक किसी भी विस्फोटक सामग्री के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अधिकायों ने कहा कि परिसर में तलाशी अभियान जारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

SCROLL FOR NEXT