पटना : बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने पहले से घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा 'बंटी' की जगह अब नीरज कुमार सिन्हा को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है।
यह बदलाव अभिषेक कुमार सिन्हा द्वारा पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए नामांकन वापस लेने के बाद किया गया। बताया गया है कि अभिषेक कुमार सिन्हा ने नामांकन दाखिल करने के एक दिन बाद ही चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए अपना नाम वापस ले लिया।
उनके इस फैसले के बाद बीजेपी नेतृत्व ने तत्काल स्थिति की समीक्षा की और बिना समय गंवाए नीरज कुमार सिन्हा के नाम पर मुहर लगा दी। पार्टी की ओर से नए उम्मीदवार की घोषणा के साथ ही बांकीपुर विधानसभा सीट का चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है।
इस सीट पर पहले से ही प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। ऐसे में उम्मीदवार बदलने के बीजेपी के फैसले को चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब नीरज कुमार सिन्हा बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरेंगे। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उनके समर्थन में चुनाव प्रचार तेज करने की तैयारी में जुट गए हैं। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अंतिम समय में उम्मीदवार बदलने से चुनावी समीकरणों पर भी असर पड़ सकता है।
गौरतलब है कि अभिषेक कुमार सिन्हा 'बंटी' ने गुरुवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। नामांकन के बाद एनडीए की ओर से शक्ति प्रदर्शन सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बांकीपुर की जनता से "बहरूपियों से सावधान रहने" की अपील की थी।