पीएमसीएच की ऐतिहासिक इमारत  
बिहार

पटना में 120 साल पुरानी ऐतिहासिक इमारत ध्वस्त

विश्व विरासत सप्ताह के दौरान ढही पीएमसीएच की ऐतिहासिक इमारत

Santosh Sharma

पटना/ नयी दिल्ली : पटना चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (पीएमसीएच) परिसर में करीब 120 साल पुराने और मई 1947 में महात्मा गांधी के नगर दौरे की याद संजोये इस ऐतिहासिक अस्पताल भवन के अगले हिस्से कुछ दिन पहले ध्वस्त कर दिया गया। भवन की खूबसूरती को बढ़ाने वाले खूबसूरत धारीदार स्तंभों के खंडित हिस्से अब परिसर में बिखरे पड़े हैं।

भवन के अग्रभाग को ढहाने की कार्रवाई भारत और विदेश में मनाए जाने वाले वार्षिक विश्व विरासत सप्ताह के दौरान हुई। ऐतिहासिक इमारत के कम से कम एक हिस्से को संरक्षित रखने की कई अपीलों के बावजूद यह कार्रवाई की गई।

महात्मा गांधी ने 15 मई, 1947 को इस अस्पताल का दौरा किया था, जब उनकी भतीजे की बेटी मनु गांधी का अपेंडिक्स का ऑपरेशन हुआ था। ‘कलेक्टेड वर्क्स ऑफ महात्मा गांधी’ के अनुसार, ऑपरेशन के बाद मनु गांधी अस्पताल के वार्ड में करीब एक सप्ताह तक स्वास्थ्य लाभ कर रही थीं और गांधी लगभग रोज उनसे मिलने अस्पताल जाते थे।

मनु गांधी स्वतंत्रता आंदोलन और गांधी के जीवन के अंतिम महत्वपूर्ण वर्षों में उनकी करीबी सहयोगी रहीं। 30 जनवरी, 1948 को दिल्ली के बिड़ला हाउस में गांधी की हत्या के समय भी वह उनके साथ थीं। बिड़ला हाउस अब राष्ट्रीय स्मारक है।

आजादी से कुछ महीने पहले गांधी कलकत्ता (अब कोलकाता) से पटना पहुंचे थे। उस समय बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में सांप्रदायिक दंगे फैल गए थे। गांधी ने अपनी डायरी में मनु के ऑपरेशन का उल्लेख किया है। पीएमसीएच की आधिकारिक वेबसाइट पर भी गांधी की इस ऐतिहासिक यात्रा का जिक्र है।

भवन को ढहाने की कार्रवाई गांधी संग्रहालय, पटना की ओर से 19 नवंबर को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय को पत्र लिखकर ऐतिहासिक अस्पताल भवन को बचाने के लिए हस्तक्षेप की मांग किए जाने के कुछ दिन बाद हुई।

करीब 1904 में निर्मित यह भवन उस दौर का है, जब बिहार बंगाल प्रेसीडेंसी का हिस्सा था। इसका संबंध गांधी और देश के स्वतंत्रता आंदोलन से रहा है।

दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में भारत की मेजबानी में आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच के समापन दिवस, 22 नवंबर को मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल से इस पत्र में की गई अपील के बारे में पूछा गया था।

उन्होंने कहा था, मैं इस पर गौर करूंगा। मैंने अभी इसके विवरण को नहीं देखा है, लेकिन इस पर गौर करूंगा।

गांधी संग्रहालय के 87 वर्षीय सचिव रजी अहमद ने तीन पृष्ठों के पत्र में भवन के ऐतिहासिक और स्थापत्य महत्व को रेखांकित किया था। 1967 में स्थापित गांधी संग्रहालय ने पुराने बांकीपुर जनरल अस्पताल भवन के शेष हिस्से को संरक्षित करने की अपील की थी, जबकि इसके उत्तर और दक्षिण विंग पहले ही ढहाए जा चुके थे।

SCROLL FOR NEXT