सिलीगुड़ी : शराब पीकर सड़क पर वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर रात में मोर्चा संभाला। शहर के प्रमुख स्थानों पर नाका चेकिंग और ब्रेथ एनालाइजर जांच अभियान चलाकर वाहन चालकों की जांच की गई। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई।सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं। खासकर रात के समय प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर नाका लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। ब्रेथ एनालाइजर के जरिए वाहन चालकों की जांच कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शराब के नशे में कोई व्यक्ति सड़क पर वाहन न दौड़ाए।पुलिस की इस सख्ती का मकसद सिर्फ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नशे में ड्राइविंग के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी तरह की रियायत नहीं दी जा रही है।पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार चलाए जा रहे इन अभियानों से साफ है कि नशे में ड्राइविंग के खिलाफ सड़क पर अब ढिलाई की कोई गुंजाइश नहीं है। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद खुद वाहन चलाने के बजाय वैकल्पिक व्यवस्था का इस्तेमाल करें। एक छोटी सी लापरवाही चालक के साथ-साथ सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों की जिंदगी भी खतरे में डाल सकती है।