बंगाल

युवा साथी योजना : 10 अप्रैल को जारी होगी दूसरी किस्त

चुनाव से पहले युवाओं के लिए खुशखबरी

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : चुनावी माहौल के बीच आगामी 10 अप्रैल को “युवा साथी” योजना की दूसरी किस्त लाभार्थियों को दी जाएगी। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर राज्य सरकार काम कर रही है। मार्च महीने से इस योजना के तहत पैसे देना शुरू किया गया था। इस योजना के माध्यम से 21 से 40 वर्ष के माध्यमिक पास बेरोजगार युवक-युवतियों को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

हालांकि 1 अप्रैल से राशि देने की बात थी, लेकिन पिछले महीने धर्मतला के धरना मंच से सीएम ममता बनर्जी ने सबको चौंकाते हुए 7 मार्च से ही भुगतान शुरू करने की घोषणा कर दी। उसी दिन कुछ घंटों के भीतर लाभार्थियों के बैंक खातों में पैसे भेजना भी शुरू कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार, चुनाव से पहले योजना शुरू होने के कारण अप्रैल की किस्त जारी करने में कोई समस्या नहीं होगी।

नवान्न सूत्रों के मुताबिक, लगभग 55 लाख लाभार्थियों को अप्रैल में यह राशि मिलेगी। हालांकि, अयोग्य पाए जाने के कारण लाखों आवेदन रद्द भी किए जा सकते हैं। फिर भी कई लोगों ने अभी तक पैसे नहीं मिलने की शिकायत की है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रक्रिया अभी जारी है और कुछ मामलों में डुप्लिकेट आवेदन की वजह से देरी हुई है, जिसे ठीक किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह कोई भिक्षा नहीं, बल्कि युवाओं के लिए सहारा है और सभी को उनका हक मिलेगा।

SCROLL FOR NEXT