अभिभावकों के विरोध के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
नदिया : नदिया जिले के शांतिपुर थाना क्षेत्र स्थित नतुनपाड़ा जनकल्याण बुनियादी विद्यालय में मिड-डे मील में कथित गड़बड़ी को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। बच्चों के लिए आवंटित भोजन, खासकर मांस के दुरुपयोग और चोरी के आरोपों को लेकर शिक्षकों तथा मिड-डे मील कर्मियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग स्कूल पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। मिड-डे मील कर्मियों का आरोप है कि विद्यार्थियों के लिए बनाए गए मांस को अलग रखने का निर्देश उन्हें पहले ही दे दिया गया था, ताकि उसे शिक्षकों के लिए अलग से पकाया जा सके। उनका दावा है कि स्कूल में एक शिक्षक के विवाह की वर्षगांठ मनाने की तैयारी चल रही थी और उसी के लिए बच्चों के हिस्से का भोजन अलग कराया जा रहा था। दूसरी ओर, शिक्षकों ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि मिड-डे मील कर्मी ही नियमित रूप से बच्चों के हिस्से के अंडे, मांस और अन्य खाद्य सामग्री घर ले जाते हैं। उनका कहना है कि कार्यक्रम के लिए अलग से मांस खरीदा गया था और बच्चों के भोजन में किसी तरह की कटौती नहीं की गई। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनामिका साहा ने भी मिड-डे मील कर्मियों पर खाद्य सामग्री की चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के लिए अलग से मांस खरीदा गया था। हालांकि, स्कूल परिसर में निजी समारोह आयोजित किए जाने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। वहीं, मिड-डे मील कर्मियों ने शिक्षकों के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए पलटवार किया। उनका कहना है कि शिक्षक ही बच्चों के लिए निर्धारित भोजन अलग से पकाकर स्वयं उसका उपयोग करते हैं। घटना के बाद अभिभावकों ने मिड-डे मील में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।