बंगाल

विद्यासागर विश्वविद्यालय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ

सात देशों के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं ने लिया हिस्सा, आईआईटी खड़गपुर के निदेशक ने एआई और स्वास्थ्य के क्षेत्र में संयुक्त शोध का दिया प्रस्ताव

Ravi

सन्मार्ग संवाददाता

मिदनापुर : विद्यासागर विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय की ओर से गुरुवार को विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। 27 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन का विषय है- ‘वैज्ञानिक और तकनीकी तालमेल : मानव कल्याण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए एक अंतर-विषयक दृष्टिकोण’। विश्वविद्यालय के 14 विभागों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में भारत सहित सात अन्य देशों के प्रख्यात वैज्ञानिक, शिक्षाविद, शोधकर्ता और तकनीकी विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों को एक साझा मंच पर लाकर वैज्ञानिक ज्ञान, शोध और नवीन तकनीकों का आदान-प्रदान करना है। इसके माध्यम से मानव कल्याण, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और तकनीकी प्रगति से जुड़ी मौजूदा चुनौतियों के समाधान तलाशने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मंत्री प्रो. कल्याण चक्रवर्ती

कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शोध, शैक्षणिक उत्कृष्टता और विभिन्न संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता जताई।

सम्मेलन का उद्घाटन पश्चिम बंगाल सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग के प्रभारी मंत्री प्रो. कल्याण चक्रवर्ती ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में मानव जीवन को बेहतर बनाने, पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान और समाज के भविष्य को दिशा देने में विज्ञान, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य एवं जैव प्रौद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती ने जटिल सामाजिक एवं पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान के लिए अंतर-विषयक अनुसंधान, वैज्ञानिक नवाचार और शैक्षणिक संस्थानों के बीच साझेदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विद्यासागर विश्वविद्यालय के साथ संयुक्त शोध करने का प्रस्ताव भी रखा। इससे दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक और अनुसंधान सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

सम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण विश्वविद्यालय के ‘जैव विविधता एवं जर्मप्लाज्म संरक्षण केंद्र’ के अंतर्गत तीन विशेष उद्यानों का उद्घाटन रहा। प्रभारी मंत्री प्रो. कल्याण चक्रवर्ती ने ‘दुर्लभ एवं संकटग्रस्त पौधों के उद्यान’, ‘प्राकृतिक रूप से मिट्टी को बांधने वाले पौधों के उद्यान’ तथा ‘प्राकृतिक रेशे वाले पौधों के उद्यान’ का उद्घाटन किया। इन उद्यानों का उद्देश्य जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय के डीन प्रो. परेश चंद्र जाना ने सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों, शैक्षणिक महत्व और अंतर-विषयक अनुसंधान की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आईसीएसटीएस-2026 की सारांश पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।

सम्मेलन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान करते हुए पुर्तगाल की यूनिवर्सिटी ऑफ मिन्हो के प्रो. रिकार्डो सिल्वेस्टरी ने मुख्य संबोधन दिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग और विभिन्न विषयों के बीच शोध साझेदारी की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। वहीं, मिदनापुर के विधायक एवं विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. शंकर कुमार गुच्छैत ने विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम विकसित किए जाने की उम्मीद जताई।

आयोजन में कलकत्ता विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सहित देश-विदेश के 32 प्रमुख वक्ताओं ने हिस्सा लिया। सम्मेलन के दौरान छह उप-विषयों के अंतर्गत लगभग 300 शोधपत्र मौखिक और पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रस्तुत किए जाएंगे। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शोधार्थी और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं।

कार्यक्रम का एक अन्य प्रमुख आकर्षण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी है, जिसमें कुल 21 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें इंडियन म्यूजियम, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई), भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (जेडएसआई), भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई), आईआईटी खड़गपुर, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ, रोबोनिक्स और जयज्योति सहित विभिन्न संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों के विभागों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई है।

सम्मेलन के आयोजन में एएनआरएफ, आईसीएसएसआर, डीबीटी, सीएसआईआर, आईएनसीओआईएस, चिरंतन रसायन संस्था, एसीएस, रश्मि, केमबायो टेक, जिंदल स्टील और मेगाथ्रॉन सहित कई संस्थानों एवं संगठनों ने सहयोग दिया है। सम्मेलन के संयोजक प्रो. दिलीप कुमार माइती ने सभी वित्तीय सहयोगी संस्थाओं और संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

दो दिवसीय यह सम्मेलन विज्ञान, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और मानव कल्याण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए संयुक्त अनुसंधान एवं नवाचार की आवश्यकता को रेखांकित कर रहा है। इसमें देश-विदेश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शोधार्थियों की भागीदारी से वैज्ञानिक संवाद और शैक्षणिक सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है।

SCROLL FOR NEXT