सिलीगुड़ी। काली पूजा को लेकर अमरा सबाई सूर्य सेन स्पोर्टिंग क्लब ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ खूंटी पूजा आयोजित की गई। क्लब की काली पूजा इस वर्ष 56वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। इस बार पूजा की खास थीम ‘ध्यानरूपे मां’ रखी गई है, जिसके माध्यम से सृष्टि के उद्गम और परंपरा के संगम को दर्शाने की तैयारी है।
आयोजकों के अनुसार, इस वर्ष मंडप की सजावट को खास रूप दिया जाएगा। मां काली की प्रतिमा से लेकर पूरे मंडप की प्रस्तुति ‘ध्यानरूपे मां’ की अवधारणा पर आधारित होगी। आयोजकों को उम्मीद है कि यह अनूठी थीम श्रद्धालुओं और दर्शकों का ध्यान आकर्षित करेगी।
पूजा के साथ क्लब की ओर से चार दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने की योजना है।
क्लब के पदाधिकारियों को उम्मीद है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचेंगे। खूंटी पूजा के साथ ही मंडप निर्माण, सजावट और अन्य तैयारियों को गति मिलने लगी है।