हावड़ा : शिवपुर ट्राम डिपो स्थित कालिका विद्यालय में मद्रास यूनियन गर्ल्स स्कूल के प्रधान शिक्षक श्रीराम राय के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हिंदी भाषी शिक्षक समाज, सदर दक्षिण चक्र की ओर से किया गया। समारोह की अध्यक्षता शैलेन्द्र कुमार राय ने की।
उन्होंने श्रीराम राय के शिक्षक जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए शिक्षक समाज के सदस्यों से एकजुट होकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सामूहिक पहल से बेहतर और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर दिनेश नागर ने अभिनंदन पत्र का पाठ कर उसे श्रीराम राय को भेंट किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रधान शिक्षक चिंतानाथ पांडेय, संजय कुमार, अंकित सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान श्रीराम राय के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त की गईं।