बंगाल

भाजपा का कोई छात्र संगठन नहीं है: शमिक भट्टाचार्य

छात्र गुटों के विवाद में भाजपा की कोई भूमिका नहीं

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय में दो छात्र गुटों में हुए विवाद के बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य की प्रतिक्रिया आयी है। उन्होंने साफ कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) भाजपा का छात्र संगठन नहीं है। इस पूरी घटना में भाजपा की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस मामले में किसी भी तरह हस्तक्षेप नहीं करेगी। हालांकि, अगर कैंपस में बाहुबल के प्रदर्शन का आरोप सामने आता है, तो स्थानीय विधायक हस्तक्षेप कर सकते हैं और कैंपस के बाहर अगर माहोल बिगड़ता है तो शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री जो कि पुलिस मंत्री हैं वे देखेंगे। शमिक भट्टाचार्य ने कहा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भाजपा का छात्र संगठन नहीं है। किसी संगठन का झंडा जलाना भाजपा की संस्कृति नहीं है। छात्र संगठन के रूप में ABVP अपनी विचारधारा और कार्यक्रमों के अनुसार काम करती है। भाजपा उस पर कोई निर्णय नहीं थोपती। यह एक स्वतंत्र और स्वायत्त राष्ट्रवादी संगठन है। उसका रुख या निर्णय वह खुद तय करती है। इस मामले में पार्टी को कुछ नहीं कहना है। पत्रकारों के सवाल के जवाब में जादवपुर में ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ या ‘टुकड़े-टुकड़े’ जैसे नारे लगाए जाने की चर्चा पर शमिक भट्टाचार्य ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा, “अगर वास्तव में इस तरह के नारे लगाए गए हैं, तो उन्हें लगाने वाले लोग बिना किसी नुकसान के खुलेआम घूम कैसे रहे हैं? यही तो सबसे बड़ा सवाल है।”

SCROLL FOR NEXT