मुनि जिनेश कुमार 
बंगाल

मंगल भावना समारोह एवं कार्यकर्ता सेवा सम्मान कार्यक्रम का सफल आयोजन

संतों का आगमन व निर्गमन दोनों ही मंगल होते हैं - मुनि जिनेश कुमार

Ravi

सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि श्री जिनेश कुमार जी ठाणा-3 के सान्निध्य में चातुर्मास-2026 की परिसंपन्नता पर मंगल भावना समारोह एवं कार्यकर्ता सेवा सम्मान कार्यक्रम का सफल आयोजन उत्तर हावड़ा श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा द्वारा योगक्षेम विहार के योगक्षेम सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अच्छी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपस्थित धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री जिनेश कुमार जी ने कहा - संत सदैव परमार्थी व सृजन के सारथि हैं। वे संसार के सहारे होते हैं। वे लोक कल्याण के लिए यात्रा करते हैं। इसलिए संतों का आगमन व निर्गमन दोनों ही मंगल होते हैं। संतों का आगमन जहाँ क्षेत्रों के लिए सौभाग्य सूचक होता है, वहीं निर्गमन विश्व बंधुता का भाव लिए होता है। संत स्नेह के शीतल सरोवर होते हैं।

उनकी आभा और प्रभा मानव मन को प्रभावित कर परिवर्तित करने की क्षमता रखती है। संतों को एक स्थान पर रोककर नहीं रखना चाहिए। कहावत भी है-'साधु तो रमता भला'। साधुओं की विहार चर्या को प्रशस्त माना गया है। मंगलभावना समारोह विनयशीलता, ग्रहणशीलता, प्रमोदभावना का सूचक है।

चार महीने तक अध्यात्म की गंगा बही, आप लोगों ने भरपूर लाभ उठाया। हमारी विदाई तभी सार्थक होगी जब हमने जो बताया उसको आत्मसात करने की कोशिश करेंगे। उत्तर हावड़ा सभा ने अपने दायित्व का कुशलता से निर्वहन किया। चातुर्मास की सफलता में सभा, महिला मंडल, तेयुप, टी.पी.एफ., किशोर मंडल, कन्या मंडल, अणुव्रत समिति आदि के सदस्यों व कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

सभी साधुवाद के पात्र हैं। बृहत्तर कोलकाता की सभी संघीय संस्थाओं का योगदान भी सराहनीय है। इस अवसर पर मुनि परमानंद ने चातुर्मास की सफलता में गुरुकृपा, मुनिवरों के श्रम व श्रावक-श्राविकाओं की सक्रियता की सराहना की । कार्यक्रम का शुभारंभ मुनि कुणाल कुमार जी के मंगलाचरण से हुआ। पूर्व डिप्टी मेयर मीना पुरोहित व महेन्द्र अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किये।

इस अवसर पर जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा के पूर्व न्यासी भंवरलाल बैद, जैन विश्व भारती के उपाध्यक्ष जतन पारख, कलकत्ता सभा के मंत्री संजय सिंघी, बुद्धमल लूणिया, उत्तर हावड़ा श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा के अध्यक्ष संदीप डागा, अणुविभा सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष प्रतापचंद दुगड़, प्रेक्षा प्रशिक्षिका मंजु सिपानी, तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष सुजाता दुगड़, तेरापंथ युवक परिषद् उत्तर हावड़ा के अध्यक्ष बसंत पटावरी, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम उत्तर हावड़ा के अध्यक्ष विवेक बांठिया, सभा के उपाध्यक्ष संजय बच्छावत, मनीष छलाणी ने मंगलभावना में अपने विचार व्यक्त किये।

तेरापंथी सभा के पदाधिकारियों ने, तेरापंथ महिला मंडल की सदस्याओं ने, तेरापंथ कन्या मंडल ने सुमधुर मंगल भावना गीत प्रस्तुत किया। तेरापंथ किशोर मंडल के प्रभारी प्रयोग बोथरा, संयोजक चयन दुगड़ ने किशोर मंडल के सदस्यों के साथ अपनी प्रस्तुति दी व पॉडकास्ट का ट्रेलर दिखाकर उसे रिलीज किया। स्क्रीन पर चातुर्मास में आयोजित हुए कार्यक्रमों की झलकियां प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम का कुशल संचालन सभा के मंत्री विनीत कोठारी ने किया। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में चातुर्मास में सेवा देने वाले कार्यकर्ताओं व सम्मानीय व्यक्तियों का सभा द्वारा मोमेन्टो प्रदान कर सम्मान किया गया।

SCROLL FOR NEXT