झाड़ग्राम : झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी के तामाझुरी इलाके में एक छात्रा ने माध्यमिक विद्यालय की परीक्षा में असफल होने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि मृत छात्रा का नाम फाल्गुनी हेम्ब्रम है। उसका घर झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी थाने के तामाझुरी इलाके में है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने जाकर शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, फाल्गुनी ने इसी वर्ष बेलपहाड़ी थाना क्षेत्र के भूलाभेदा जनकल्याण उच्च विद्यालय से माध्यमिक परीक्षा दी थी। माध्यमिक परीक्षा के परिणाम शुक्रवार को घोषित किये गये। इसमें पाया गया कि फाल्गुनी हेम्ब्रम 150 अंक लाने के बाद भी माध्यमिक की परीक्षा में अनुत्तीर्ण हो गयी। जिसके बाद वह घर पर अवसादग्रस्त व उदास बैठी थी। रविवार की सुबह, गांव के निवासियों ने उसे उसके घर से थोड़ी दूरी पर एक पेड़ की शाखा से लटका हुआ पाया। स्थानीय निवासियों ने मामले की सूचना बेलपहाड़ी पुलिस थाने को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फाल्गुनी हेम्ब्रम को उतार कर बेलपहाड़ी ग्रामीण अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बेलपहाड़ी पुलिस ने रविवार को शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छात्रा ने आत्महत्या क्यों की?