गंगटोक : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सिक्किम अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष कर्मा सोनाम भूटिया ने 21 नवंबर को नई दिल्ली में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मुलाकात कर सिक्किम के अनुसूचित जनजाति समुदायों से जुड़ी तीन लंबित मांगों पर केंद्र सरकार के हस्तक्षेप की मांग की।
इस दौरान भूटिया ने केंद्रीय मंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए सिक्किम के जनजातीय समुदायों की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
ज्ञापन में मुख्य रूप से भूटिया, लेप्चा और लिम्बू भाषाओं को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने, सिक्किम विधानसभा में लिम्बू-तामाङ समुदायों के लिए सीटों का आरक्षण सुनिश्चित करने तथा सिक्किम के वंचित रह गए 12 समुदायों को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करने की मांग उठाई गई।
मुलाकात के दौरान कर्मा सोनाम भूटिया ने इन मांगों को सिक्किम के मूल निवासी समुदायों की पहचान, संवैधानिक अधिकारों और आकांक्षाओं की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बताया गया है कि केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने इन मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इनके अनुकूल विचार के लिए आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। मोर्चा ने कहा कि सिक्किम के जनजातीय समुदायों के संवैधानिक अधिकारों और उनकी आकांक्षाओं को उचित महत्व दिलाने के लिए इन मांगों को लेकर प्रयास जारी रखे जाएंगे।