सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भाजपा साल्टलेक कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और प्रशासन के सर्वोच्च पद पर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 अक्टूबर तक चलेगा। आगामी 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रशासन के सर्वोच्च पदों पर लगातार 25 वर्ष पूरे करेंगे। संसदीय लोकतंत्र के इतिहास में यह एक दुर्लभ उपलब्धि है।” 7 अक्टूबर को पूरे देश में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। बंगाल के सभी 23 जिलों के जिला मुख्यालयों में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विशाल स्क्रीन के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न दिशाओं में मशाल यात्रा और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालेंगे।
भाजपा का तृणमूलीकरण नहीं होगा
उन्होंने कहा कि “भाजपा का तृणमूलीकरण नहीं होगा।” तृणमूलीकरण से उनका आशय एक विशेष राजनीतिक संस्कृति, पार्टी संचालन की पद्धति, सिंडिकेट राजनीति और ‘75-25’ के बंटवारे की राजनीति से है। भाजपा में ऐसी राजनीतिक संस्कृति का कोई स्थान नहीं है। पार्टी की स्पष्ट नीति है—नेता से बड़ा दल और दल से बड़ा देश है। भट्टाचार्य ने आगे कहा कि विभिन्न राजनीतिक पृष्ठभूमि के लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। हालांकि भाजपा की मूल विचारधारा, राजनीतिक संस्कृति और संगठनात्मक अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।