कोलकाता : आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की महिला चिकित्सक के दुष्कर्म और हत्या मामले में न्याय की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। पीड़िता की मां और पानीहाटी से भाजपा विधायक रत्ना देवनाथ ने सीबीआई की जांच की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने राज्य के मेडिकल कॉलेजों में कथित भ्रष्टाचार पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
रत्ना देवनाथ ने कहा कि उनके परिवार ने कभी सीबीआई जांच की मांग नहीं की थी। अदालत ने बेहतर जांच की उम्मीद में मामला केंद्रीय एजेंसी को सौंपा था। उन्होंने कहा कि यदि सीबीआई अपनी जिम्मेदारी निभाने में सक्षम नहीं है तो उसे पीछे हट जाना चाहिए। उन्होंने अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले को उठाने की बात भी कही।
भाजपा विधायक ने दावा किया कि सरकार बदलने के बावजूद मेडिकल कॉलेजों में भ्रष्टाचार समाप्त नहीं हुआ है। उनके अनुसार, पहले से जुड़े लोग अब भी व्यवस्था में बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में कथित अनियमितताओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण फाइलें उनके पास हैं। वह इन मामलों की जांच कराने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष दस्तावेज पेश करेंगी।
रत्ना देवनाथ ने मामले में कथित साजिश और साक्ष्य नष्ट किए जाने के आरोपों की भी जांच की मांग की। उनका कहना है कि घटना के समय मौजूद लोगों से पूछताछ और जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान जरूरी है।
आरजी कर मामले में पीड़िता के परिवार की ओर से पहले भी जांच की गति पर असंतोष जताया जा चुका है। अगस्त 2024 की इस घटना ने पूरे देश में व्यापक आक्रोश पैदा किया था। अब रत्ना देवनाथ के ताजा बयान से मामले की जांच और मेडिकल कॉलेजों में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।