रूफटॉप सोलर की सांकेतिक तस्वीर  
बंगाल

आलोश्री सोलर योजना के तहत सब्सिडी के साथ बैंक ऋण की तैयारी

रूफ टॉप सोलर को बढ़ावा

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य सरकार की आलोश्री योजना में रूफटॉप सोलर सौर ऊर्जा अपनाने के इच्छुक विद्युत उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। जो उपभोक्ता एकमुश्त खर्च वहन करने में सक्षम नहीं हैं, उनके लिए बैंक ऋण की व्यवस्था पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। विद्युत विभाग के सूत्रों के अनुसार, इस प्रस्ताव को लेकर स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होने जा रही है। बिजली वितरण निगम, डब्ल्यूबीएसईडीसीएल के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। सब कुछ ठीक रहा तो निकट भविष्य में इस बिजली कंपनी क्षेत्र के इच्छुक ग्राहकों को खुदरा ऋण मिल सकता है। कुल परियोजना के सब्सिडी वाले हिस्से को छोड़कर, शेष लागत का बड़ा हिस्सा ऋण से पूरा किया जा सकता है। बाकी ग्राहक को वहन करना होगा हालांकि, हितधारकों को उम्मीद है कि बैंक ऋण से कम से कम शुरुआती लागत में कुछ कमी आएगी। बैठक में यह तय किया जाएगा कि उपभोक्ताओं को आसान शर्तों पर ऋण किस प्रकार उपलब्ध कराया जा सकता है।

विद्युत विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सन्मार्ग को बताया कि आलोश्री योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर लगवाने वाले उपभोक्ताओं को प्रति किलोवाट 30 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। वहीं, यदि उपभोक्ता सब्सिडी के बाद बची राशि एक साथ भुगतान करने में असमर्थ होता है, तो बैंक लोन के माध्यम से खर्च वहन करने का विकल्प दिया जा सकता है। इस पहल से न केवल आम उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी यह एक अहम कदम साबित होगा।

SCROLL FOR NEXT