हावड़ा : आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि जिनेश कुमार जी के सान्निध्य में योगक्षेम विहार में प्रतिक्रमण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिक्रमण के धार्मिक, आध्यात्मिक और व्यावहारिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर मुनि जिनेश कुमार ने कहा कि जैन धर्म में प्रतिक्रमण का विशेष महत्व है। यह आत्मशुद्धि की प्रक्रिया होने के साथ एक प्रकार की चिकित्सा भी है। इसके माध्यम से व्यक्ति अपने मन को असंयम से हटाकर संयम की ओर ले जाता है तथा व्रतों के पालन में हुई त्रुटियों का प्रायश्चित करता है। उन्होंने प्रतिक्रमण को जीवन की डायरी और आत्मा की सफाई का माध्यम बताते हुए कहा कि जैसे झाड़ू से घर स्वच्छ होता है, वैसे ही प्रतिक्रमण से आत्मा का परिष्कार होता है।
मुनिश्री ने कहा कि प्रत्येक श्रावक को नियमित रूप से प्रतिक्रमण करना चाहिए। साधु जीवन में दिन में दो बार प्रतिक्रमण करने का विधान है। इससे व्यक्ति अपने दोषों के प्रति सजग रहता है और आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में आगे बढ़ता है। प्रतिक्रमण से मन हल्का होता है तथा आत्मचेतना का विकास होता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या मंडल के मंगल संगान से हुआ। सुशील चंडालिया ने स्वागत भाषण दिया तथा अंत में आभार व्यक्त किया।