बंगाल

पूर्व मिदनापुर के नये DM बने निरंजन कुमार

आयोग ने यूनिस ऋषिन इस्माइल को हटाया

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के 'गढ़' पूर्व मिदनापुर में चुनाव से ठीक पहले बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए चुनाव आयोग ने वर्तमान जिलाधिकारी यूनिस ऋषिन इस्माइल को हटा दिया है। उनकी जगह अनुभवी IAS अधिकारी निरंजन कुमार को नए जिलाधिकारी और जिला चुनाव अधिकारी के तौर पर तैनात किया गया है। निरंजन कुमार पहले SIR पर रॉल ऑब्जर्वर के रूप में कार्यरत थे और अब उन्हें शुभेंदु अधिकारी के विधानसभा क्षेत्र में DEO बनाया गया है।

चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार, पोलिंग ड्यूटी या वोटिंग कार्यों के लिए संविदा आधारित कर्मचारियों को डाटाबेस में शामिल नहीं किया जा सकता। आयोग के पास पूर्व मिदनापुर में इस नियम के उल्लंघन की शिकायत आई थी। जांच के बाद आयोग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को हटाने का फैसला लिया।

चुनाव आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि 26 मार्च की सुबह 11 बजे तक निरंजन कुमार अपने पद का कार्यभार संभालें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही उच्चस्तरीय जांच का आदेश भी दिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नियम उल्लंघन के लिए कौन जिम्मेदार है। तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट आयोग को सौंपने को कहा गया है।

SCROLL FOR NEXT