मुनि जिनेश कुमार जी  
बंगाल

मुनि जिनेश कुमार जी का चातुर्मासिक मंगल विहार, तेरापंथ ट्रस्ट भवन में हुआ स्वागत

धर्मसभा में ‘प्रदेशी राजा’ के प्रसंग से सत्संगति का महत्व समझाया, बोले– संतों के सान्निध्य से पापी भी पावन बन सकता है

Ravi

हावड़ा : युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि जिनेश कुमार जी ठाणा-3 ने चातुर्मासिक प्रवास पूर्ण होने पर योगक्षेम विहार से मंगल विहार किया। बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं की उपस्थिति में विहार वाटकिन्स लेन स्थित तेरापंथ ट्रस्ट भवन पहुंचकर स्वागत सभा में परिवर्तित हुआ। इस दौरान गणवेश में पंक्तिबद्ध महिलाओं और श्रद्धालुओं के जयघोष से वातावरण धर्ममय हो उठा।

इससे पूर्व योगक्षेम सभागार में उत्तर हावड़ा श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा की ओर से आयोजित धर्मसभा में मुनिश्री ने ‘प्रदेशी राजा’ का व्याख्यान दिया और जाप अनुष्ठान करवाया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि संतों की संगति से सुप्त चेतना जाग्रत होती है। सत्संगति के प्रभाव से क्रूर व्यक्ति करुणाशील और नास्तिक भी आस्तिक बन सकता है। उन्होंने राजा प्रदेशी और संत केशी स्वामी के प्रसंग के माध्यम से बताया कि संतों के सान्निध्य में राजा के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया और उन्होंने व्रत स्वीकार कर सद्गति प्राप्त की।

मुनिश्री ने चातुर्मास के दौरान धर्माराधना में सहभागी बने श्रद्धालुओं के प्रति मंगलभाव व्यक्त करते हुए खमत-खामणा किया।

कार्यक्रम का मंगलाचरण मुनि कुणाल कुमार ने किया। सुरेश गोयल और संदीप डागा ने विचार रखे। ट्रस्ट भवन में जतन पारख, तेजकरण बोथरा, सुशील चोरड़िया और रमणा पटावरी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने मुनिश्री का स्वागत किया। संचालन मुनि परमानंद ने किया तथा आभार बुद्ध मल लूणिया ने व्यक्त किया।

SCROLL FOR NEXT