भाजपा नेता एवं अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती  
बंगाल

मिथुन चक्रवर्ती का तृणमूल सरकार पर हमला, सुरक्षा और महंगाई को लेकर उठाये सवाल

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के बीच भाजपा नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने शनिवार को एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था, सीमा सुरक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर ममता बनर्जी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज बंगाल की सबसे बड़ी समस्या आम लोगों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा है, जो किसी भी सभ्य और शिक्षित समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि स्थिति इतनी चिंताजनक हो गई है कि स्वयं राज्य की मुख्यमंत्री महिलाओं को रात में बाहर नहीं निकलने की सलाह दे रही हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब कोलकाता में लोग देर रात तक बिना किसी डर के आवागमन करते थे, लेकिन आज वह माहौल खत्म हो गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सीमा सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा का बड़ा हिस्सा अब भी असुरक्षित और बिना बाड़ के है। केंद्र सरकार ने कई बार आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, लेकिन राज्य सरकार की ओर से इस दिशा में पर्याप्त पहल नहीं की गई, जिससे अवैध घुसपैठ की आशंका बढ़ रही है। सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के मुद्दे पर भी उन्होंने राज्य सरकार की आलोचना की। उनका कहना था कि एक ओर विभिन्न योजनाओं पर भारी खर्च किया जा रहा है, जबकि कर्मचारियों के वैध अधिकारों के भुगतान में देरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर कर्मचारियों के हितों की रक्षा की जाएगी और सातवें वेतन आयोग को लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

अन्य राज्यों की तुलना में बंगाल में पेट्रोल और डीजल महंगा क्यों

भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि देश के अन्य राज्यों की तुलना में पश्चिम बंगाल में पेट्रोल और डीजल ज्यादा महंगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ईंधन पर अधिक कर लगाकर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एलपीजी सिलिंडर की कीमतों को लेकर राजनीति कर रही हैं।

SCROLL FOR NEXT