सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा नेता का वीडियो जारी कर भाजपा पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि महिलाओं के प्रति भाजपा नेताओं की ओछी मानसिकता बार बार सामने आती रही है अब एक बार फिर उनके बिगड़े बोल ने महिलाओं का अपमान किया है यहां तक महिलाओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकार से रोकने की बात भाजपा नेता कर रहे हैं। रविवार को प्रेस कांफ्रेंस करके राज्य की मंत्री डॉ. शशि पांजा ने एक वीडियो सामने लाया जहां एक भाजपा नेता एक सभा में वक्तव्य रख रहे हैं। दावा है कि यह भाजपा नेता राज्य कमेटी के मेंबर है कालीपद सेनगुप्ता। पश्चिम मिदनापुर के दासपुर में संकल्प सभा में वक्तव्य रख रहे थे। शशि पांजा ने कहा कि भाजपा नेता संकल्प सभा में कार्यक्रम में संकल्प ले रहे हैं कि लक्ष्मी भंडार पाने वाली महिलाओं को मतदान के दिन घर में उनके पति बंद कर दे ताकि तृणमूल को वोट नहीं दे पाये ममता बनर्जी को वोट नहीं दे पाये। तृणमूल ऐसे महिला विरोधी बयान का धिक्कार जताती है तथा महिलाओं को ऐसे नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज करानी चाहिए जो उनके मताधिकार रोकने की बात करते हैं। ऐसा बोलना ही धमकाना है। मंत्री ने कहा कि भाजपा को कभी भी महिलाओं का सम्मान बर्दाश्त नहीं होता है। उन्होंने भाजपा शासित कई राज्यों की घटनाओं का जिक्र किया। ऐसी मानसिकता रखने वाले भाजपा कभी भी बंगाल में नहीं आ पायेगी। अन्य राज्यों से भी हटाना होगा। शशि पांजा ने कहा कि कालीपद जिस कार्यक्रम में यह वक्तव्य रख रहे थे उसके बाद ही भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार वहां पहुंचे। आखिर उन्होंने क्यों नहीं भाजपा नेता के उस बयान का संशोधन किया, इसका मतलब आप इसका समर्थन कर रहे हैं।
2.21 करोड़ महिलाओं तक पहुंच रहा है लक्ष्मी भंडार
बंगाल में सीएम ममता बनर्जी ने लक्ष्मी भंडार याेजना शुरू की है और बहुत सफलता मिल रही है। 2 करोड़ 21 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है। मंत्री ने कहा कि लक्ष्मी भंडार की लोकप्रियता है। महिलाएं दीदी को पसंद करती है। लेकिन कालीपद भाजपा नेता यह सोच रहे हैं कि लक्ष्मी भंडार पाने वाली महिलाओं को आगामी विधानसभा चुनाव के तहत मतदान केंद्रों तक नहीं पहुंचने दिया जाए। भाजपा की यही सोच है इसके रोको उसको टोको और फिर बंद कराे।