बंगाल

आज महानगर में हो सकती है बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं के भी आसार

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: पिछले कुछ दिनों से पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसी कड़ी में मौसम विभाग ने आज एक बार फिर बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण आज दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग की बुधवार को जारी बुलेटिन में बताया गया है कि दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही कुछ इलाकों में बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

विशेष रूप से पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और झाड़ग्राम जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, उत्तर बंगाल के जिलों जैसे जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

कोलकाता शहर की बात करें तो आज आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लोगों को सलाह दी गई है कि वे बाहर निकलते समय सतर्क रहें, खासकर वे इलाके जहां जलजमाव की समस्या आम है। तेज हवाओं और बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की भी सलाह दी गई है।

SCROLL FOR NEXT