प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता की लाइफ लाइन कहे जानेवाली मेट्रो अब सही में कोलकाता के लिए लाइफ लाइन बन गयी है। ब्लू लाइन के बाद ग्रीन लाइन को पूरी तरीके से जोड़ िदया गया। इससे लोग अब हावड़ा से साल्टलेक का सफर सीधे तौर पर कर सक रहे हैं। इसके अलावा येलो लाइन मेट्रो यहां पर भी लोग हावड़ा यानी ग्रीन लाइन से फिर एस्प्लेनेड के जरिये नोआपाड़ा तक यानी ब्लू लाइन के बाद नोआपाड़ा से एयरपाेर्ट तक यानी येलो लाइन का सफर आसानी से तय कर पा रहे हैं। ऐसे में ब्लू लाइन में भी लोगों की भीड़ बढ़ती चली जा रही है। इसका खासा असर आगामी दुर्गा पूजा पर दिख सकता है। क्योंकि पूजा नजदीक में है और महानगर के लोग अब मेट्रो सुविधा को देखते हुए पूजा होपिंग में बड़ी संख्या में उतरेंगे। ऐसे में मेट-ो के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। सबसे ज्यादा भीड़ तो एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशन में देखने को मिल रही है। इस दौरान यात्रियों की भीड़ को कैसे संभाला जाएगा, यह मेट्रो अधिकारियों के लिए बहुत बड़ी चिंता बनी हुई है। हालांकि मेट्रो रेलवे की ओर से हर प्रयास किया जा रहा है।
ग्रीन लाइन में कई बड़े पंडालों की होगी होपिंग : दुर्गा पूजा के दौरान सॉल्टलेक से हावड़ा और दक्षिणेश्वर से शहीद खुदिराम तक कई प्रमुख पूजा पंडाल बनाए जाते हैं, इस कारण मेट्रो में यात्रियों की भीड़ काफी ज्यादा बढ़ेगी। ऐसे में ग्रीन और ब्लू लाइन पर अत्यधिक भीड़ संभावित है, जिससे मेट्रो यात्रा एक सुविधाजनक विकल्प होने के साथ चुनौतीपूर्ण भी हो सकती है। इस पूरे रूट में मेट्रो चलने से नार्थ से साउथ तक कनेक्ट हो गया है, ऐसे में दुर्गा पूजा में घूमने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी।
येलो लाइन चालू होने से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को हुई सुविधा : एयरपोर्ट जाने के लिए येलो लाइन में प्रवेश करने हेतु यात्रियों को ब्लू लाइन के नोआपाड़ा से इंटरचेंज करना पड़ेगा। यात्रियों को एयरपोर्ट जाने के लिए नोआपाड़ा से दमदम कैंटोनमेंट और जेसोर रोड होते हुए पहुंचना पड़ेगा। हालांकि एयरपोर्ट तक मेट्रो कनेक्ट हो जाने से लाेगों को काफी सुविधा हुई है। जहां लोगों को एयरपोर्ट जाने व वहां से आने के लिए 500 से 600 और कई बार पीक आवर के दौरान 1000 रुपये तक भुगतान करना पड़ता था, वहीं इस रूट में मेट्रो चालु होने से लोग अब कम पैसे का भुगतान करके अपने गनतव्य तक पहुंच पाते है। इससे यात्रियों में काफी खुशी है।
कवि सुभाष स्टेशन चालु होने के बाद होगी सुविधा : फिलहाल ऑरेंज लाइन में रूबी से बेलेघाटा के बीच परिसेवाएं चालू है लेकिन इनमें अभी यात्रियों की संख्या काफी कम है। ऐसे में मेट्रो काे उम्मीद है कि भविष्य में जब चिंगड़ीहाटा की समस्या का समाधान होगा तो यह सेवा जब न्यू गरिया से लेकर हवाईअड्डे तक जायेगी तो यात्रियों की संख्या में ज्यादा इजाफा होगा। फिलहाल ब्लू लाइन में कविसुभाष मेट्रो स्टेशन के बंद होने से ऑरेंज लाइन में कवि सुभाष को कनेक्ट कर पाना मुश्किल है। हालांकि परिसेवा पूरी तरह से चालू होने के बाद यात्रियों को लाभ मिलेगा।