अंतरराष्ट्रीय विज्ञान सम्मेलन 
बंगाल

विद्यासागर विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय विज्ञान सम्मेलन का समापन

400 शोधार्थियों और प्रतिभागियों की रही भागीदारी, उत्कृष्ट शोध के लिए 24 पुरस्कार प्रदान; मानव कल्याण और पर्यावरण संरक्षण में वैज्ञानिक समन्वय पर मंथन

Ravi

मिदनापुर : विद्यासागर विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय की ओर से आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय विज्ञान सम्मेलन (ICSTS 2026) का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘मानव कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी समन्वय का अंतरविषयक दृष्टिकोण’ रहा।

समापन समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा अधिकारी डॉ. अतानु राहा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि परम पूज्य डॉ. थिरासत्थो थेरो ने अपने संबोधन में पर्यावरणीय एवं सामाजिक चुनौतियों के समाधान में बौद्ध दर्शन, करुणा, शांति और नैतिक मूल्यों की भूमिका पर जोर दिया। प्रो. सी. वी. येलामागाड और प्रो. रिकार्डो सिल्वेस्ट्रे ने भी सम्मेलन की सराहना की।

कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर ने कहा कि सम्मेलन ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने तथा विभिन्न वैज्ञानिक विषयों में शोध और विद्यार्थियों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सम्मेलन संयोजक प्रो. दिलीप माइती के अनुसार, इसमें करीब 400 पंजीकृत प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सर्वश्रेष्ठ पोस्टर और मौखिक प्रस्तुति के लिए कुल 24 शोध पुरस्कार प्रदान किए गए। स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने शोध प्रदर्शनी में भी भाग लिया।

SCROLL FOR NEXT