बंगाल

अगर डेंगू है तो डेंगू ही लिखा जाए...

सीएम ने डॉक्टरों से कहा : डेंगू लिखने में भयभीत होने का कोई कारण नहीं है, पिछली सरकार संख्या कम करके दिखाती थी

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : डेंगू को लेकर राज्य का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने भी साफ कहा है कि जो रोग है उसे नहीं छिपाना है। रविवार को सीएम ने डेंगू के आंकड़ों और बीमारी को दर्ज करने के सवाल पर कहा कि ‘जो रोग है, वही लिखना होगा।’ उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार संख्या कम करके दिखाती थी और बीमारी को छिपाने की कोशिश करती थी। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अगर डेंगू है तो डेंगू ही लिखा जाए। उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि डेंगू लिखने में भयभीत होने का कोई कारण नहीं है।

डेंगू पर समीक्षा बैठक करेंगे सीएम

पश्चिम बंगाल में डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों की स्थिति की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री मंगलवार को स्वास्थ्य भवन में बैठक कर सकते हैं। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा विभिन्न नगर निकायों के आयुक्त और प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में कोलकाता और हावड़ा नगर निगम के आयुक्तों के साथ अन्य नगरपालिकाओं के कार्यकारी प्रशासक भी हिस्सा लेंगे। शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों के विभाग, परिवहन विभाग और रेलवे के अधिकारियों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है।मंगलवार की बैठक में डेंगू की मौजूदा स्थिति के साथ-साथ मच्छरजनित अन्य बीमारियों की रोकथाम, नगर निकायों की तैयारियों और मानसून के दौरान निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा होने की उम्मीद है।

SCROLL FOR NEXT