हरिपाल (हुगली) : आराध्येश्वर मंदिर, केशर कुटीर में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और दीपों की जगमगाहट ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालु भक्तों ने इस दिव्य आयोजन में हिस्सा लिया और भक्ति भाव से अभिभूत हो उठे।
इमामी फाउंडेशन की ओर से सुशील गोयनका ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर सहित असुरों का संहार कर देवताओं और भक्तों को भय से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवी-देवता स्वर्ग से धरती पर आए और दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव मनाया। तभी से देव दीपावली मनाने की परंपरा चली आ रही है। यह पर्व अज्ञान पर ज्ञान, अंधकार पर प्रकाश और समाज में सद्भाव का संदेश देता है।
प्रदीप नैयर एवं सुभाष मुरारका ने बताया कि देव दीपावली के अवसर पर देशभर के मंदिरों और नदियों के घाटों पर मिट्टी के दीपक जलाए जाते हैं तथा भव्य गंगा आरती का आयोजन होता है। इस दिन गंगा स्नान, दीपदान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य का विशेष धार्मिक महत्व है।
कार्यक्रम में सुशील गोयनका, राजकुमार गोयनका, प्रदीप नैयर, सुभाष मुरारका, राजू कटारूका सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
इसी क्रम में कोलकाता स्थित श्री सिद्धिविनायक देवस्थानम में भी देव दीपावली का पर्व आस्था और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीगणेश के अलौकिक दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस आयोजन में राजीव (राजकुमार) गोयनका, मनोज नाथानी, ललन मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता सक्रिय रहे। दोनों धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने पर्व की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण को विशेष बना दिया।