हुगली: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण का प्रचार थमने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हुगली जिले के तारकेश्वर और धनियाखाली में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने “खेला खत्म, विकास शुरू” और “सोनार बांग्ला” बनाने का नारा दिया। योगी आदित्यनाथ ने तारकेश्वर में तारकनाथ मंदिर में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ तारकेश्वर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संतु पान मौजूद रहे।
पूजा के बाद वे धनियाखाली पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा उम्मीदवार बर्णाली दास के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “अब तृणमूल के गुंडाराज को खत्म करने का समय आ गया है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के साथ मारपीट और वसूली की घटनाएं हुई हैं, लेकिन भाजपा की सरकार बनने पर यह सब बंद हो जाएगा। उन्होंने लोगों से भयमुक्त होकर एकजुट होने और “सोनार बांग्ला” के निर्माण में भागीदारी करने की अपील की। सप्तग्राम के भाजपा प्रत्याशी स्वराज घोष ने अमनान इलाके में स्थित शिव-काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रचार अभियान समाप्त किया। लोग घरों से निकलकर उनका स्वागत करते रहे। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार में आती है, तो केंद्र सरकार के सहयोग से विकास कार्य तेज गति से किए जाएंगे।