बंगाल

नतीजों के बाद से फरार नैहाटी के पूर्व तृणमूल पार्षद रंजन कर्माकर गिरफ्तार

धमकी, रंगदारी, हत्या और जबरन जमीन कब्जाने के आरोप

Priti Yadavv

कोर्ट ले जाते समय लोगों ने लगाए ‘चोर-चोर’ के नारे

बैरकपुर : चुनाव परिणाम आने के बाद से पुलिस की नजरों से बचते फिर रहे नैहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 7 के पूर्व तृणमूल पार्षद रंजन कर्माकर उर्फ रन आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। नैहाटी थाने की पुलिस ने शुक्रवार को उन्हें कल्याणी इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक काफी समय से उनकी तलाश की जा रही थी। उनके खिलाफ गंगा नदी से अवैध बालू खनन, धमकी, रंगदारी, हत्या, लोगों को डराने-धमकाने और जबरन जमीन कब्जाने समेत कई गंभीर आरोपों से जुड़े मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद शनिवार को रंजन कर्माकर को बैरकपुर अदालत में पेश किया गया। अदालत ले जाते समय थाने के बाहर लोगों का विरोध देखने को मिला। भीड़ ने उनके खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। इस दौरान मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी उनके खिलाफ अपना आक्रोश जताया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गौरीपुर इलाके के 10 वार्डों में शायद ही कोई ऐसा भाजपा कार्यकर्ता हो, जिसे रंजन कर्माकर के कार्यकाल के दौरान कथित तौर पर परेशान न किया गया हो। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लंबे समय से उनके खिलाफ शिकायतें सामने आती रही हैं और अब गिरफ्तारी के बाद उन्हें उम्मीद है कि मामलों की निष्पक्ष जांच होगी और दोष साबित होने पर कड़ी सजा मिलेगी।


SCROLL FOR NEXT