अग्रसेन बालिका शिक्षा सदन  
बंगाल

अग्रसेन बालिका शिक्षा सदन में मनाया गया संविधान दिवस

छात्राओं ने भाषण और वृत्तचित्र के माध्यम से जाना संविधान का महत्व, प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक आदर्शों के पालन का लिया संकल्प

Ravi

हावड़ा : अग्रसेन बालिका शिक्षा सदन में 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में आयोजित इस कार्यक्रम में अध्यापिकाओं, अधिकारियों और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान नवम कक्षा की छात्राओं ने अपने विचारों और वक्तव्यों के माध्यम से भारतीय संविधान के ऐतिहासिक महत्व, उसकी प्रमुख विशेषताओं तथा संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा वृत्तचित्र के जरिए संविधान निर्माण की प्रक्रिया, संसद में प्रारूप पर हुई चर्चाओं और संविधान निर्माताओं के चित्रों का प्रदर्शन किया गया।

इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को संविधान के मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था। वक्ताओं ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके राष्ट्रीय और सामाजिक दायित्वों का भी बोध कराता है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की अध्यापिकाओं, अधिकारियों और छात्राओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया।

सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। संविधान निर्माताओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस आयोजन के माध्यम से छात्राओं में राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।

SCROLL FOR NEXT