कोलकाता : बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री व पश्चिम बंगाल भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय ने पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण में हुए भारी मतदान की सराहना करते हुए दावा किया कि भाजपा यहां विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। अब बंगाल भय नहीं बल्कि भरोसे के साथ है। यहां की जनता टीएमसी के कार्यकर्ताओं के डर से पहले उनके पक्ष में वोटिंग करती थी, मगर अब केंद्रीय बलों की तैनाती ने डर को दूर किया और सभी ने भाजपा के पक्ष में जमकर मतदान किया है। अब 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद टीएमसी के गुंडों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी। भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आ रही है। पांडेय ने कहा कि पहले चरण के चुनाव में हुए मतदान ने बदलाव की लहर की पुष्टि कर दी है। जनता का इस कदर समर्थन भाजपा की जीत का संकेत है। 152 सीटों पर लगभग 92.6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है जो अब तक के इतिहास में सबसे अधिक है। खास बात यह है कि 2011 में भी जब रिकॉर्ड लगभग 85.55 प्रतिशत वोटिंग हुई थी तब बड़ा बदलाव देखने को मिला था। उस समय 34 साल पुरानी लेफ्ट फ्रंट सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। अब पुनः वही स्थिति इस बार बन गई है। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की सरकार बंगाल की सत्ता से बेदखल होने वाली है।