सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बंगाल में दिवाली जैसा नज़ारा देखने को मिला। लाखों दीयों से जगमगा उठा। खास तौर पर बाजे क़दम तल्ला घाट पर बेहद भव्य दृश्य देखने को मिला। चारों ओर दीये ही दीये जल रहे थे और ऐसा लग रहा था, मानो पूरा इलाका दिवाली के रंग में रंग गया हो। बारिश से भीगी शाम में गुरुवार को दीप प्रज्ज्वलित का नज़ारा अलग था। गंगा के किनारे बाजे क़दम तल्ला घाट पर लाखों आशीर्वाद के दीप जलाए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा के कार्यकाल और उनके जन्मदिन के अवसर पर राज्य सरकार की ओर से विशेष आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री को ‘विश्वनेता’ बताया। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के लिए केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत कई बुनियादी ढांचा और जनकल्याणकारी योजनाओं की मंजूरी तथा उनकी प्रगति का भी उल्लेख किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भी मौजूद रहे। इसी दिन से महीने भर चलने वाले समारोह की शुरुआत हुई।