बंगाल

बारासात–मध्यमग्राम में राष्ट्रीय व राज्य मार्गों पर टोटो पर रोक, पुलिस ने शुरू किया जागरूकता अभियान

बारासात : बारासात और मध्यमग्राम में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर टोटो के संचालन पर रोक संबंधी सरकारी निर्देश को लागू करने के लिए पुलिस-प्रशासन ने शनिवार से व्यापक जागरूकता अभियान शुरू कर दिया। टोटो चालकों को नए नियमों की जानकारी दी जा रही है और उनका पालन सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर अब टोटो चलाने की अनुमति नहीं होगी। केवल सड़क पार करने के लिए अधिकतम 30 मीटर तक ही टोटो ले जाया जा सकेगा। टोटो केवल नगर पालिका क्षेत्र की आंतरिक सड़कों पर ही संचालित होंगे। इसके अलावा बाहरी क्षेत्रों के टोटो चालकों के बारासात और मध्यमग्राम नगर पालिका क्षेत्र में प्रवेश पर भी रोक रहेगी तथा निर्धारित रूट की अधिकतम लंबाई 6 किलोमीटर होगी। प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-12, जेसोर रोड, टाकी रोड और बारासात-बैरकपुर रोड पर टोटो की बढ़ती संख्या के कारण लगातार दुर्घटनाएं और जाम की समस्या सामने आ रही थी। इसी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। बारासात के डीएसपी (ट्रैफिक) निहाररंजन राय ने बताया कि सरकारी निर्देश के अनुरूप फिलहाल जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। टोटो चालकों ने नियम लागू करने के लिए 10 दिन का समय मांगा है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


SCROLL FOR NEXT