सन्मार्ग संवाददाता
चंद्रकोना / गड़बेता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा बिहार, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अवैध मतदाताओं के नाम राज्य की मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश कर रही है ताकि चुनाव परिणाम को अपने पक्ष में मोड़ा जा सके। पश्चिम मिदनापुर के चंद्रकोना और गड़बेता में चुनावी सभा से सीएम ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। तृणमूल सुप्रीमाे ने कहा कि ‘कल अभिषेक ने मुझे बताया कि नये मतदाताओं को शामिल करने के लिए एक ही दिन में लगभग 30,000 फॉर्म जमा होने की सूचना मिलने पर उन्हें अपने चुनाव प्रचार कार्यक्रम के बीच से ही कोलकाता स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय जाना पड़ा।’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बिहार, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अवैध मतदाताओं को बंगाल की मतदाता सूची में शामिल करने की कोशिश कर रही है। वह बिहार की तरह ही रेल के माध्यम से बाहरी मतदाताओं को लाने की योजना बना रही है। इस बीच ममता बनर्जी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को एक पत्र लिखकर तीखे लहजे में कहा कि जिनका बंगाल से कोई वैध संबंध नहीं है, उनसे संबंधित फॉर्म 6 के आवेदन 'अवैध, असंवैधानिक और मौलिक रूप से अलोकतांत्रिक' हैं, जो दुर्भावनापूर्ण इरादे को दर्शाते हैं।
भाजपा से सावधान रहें...
ममता बनर्जी ने लोगों से आह्वान किया कि भाजपा से सावधान रहें। वह आपके खान-पान पर रोक लगा देगी, जैसा कि उसने भाजपा शासित अन्य राज्यों में किया है। सीएम ने कहा कि जब तक हम सत्ता में हैं, बंगाल में न तो निरुद्ध केंद्र होंगे और न ही एनआरसी लागू होगा। तृणमूल प्रमुख ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को गिराने का समय आ गया है, जिसने कथित तौर पर देश के सभी वैधानिक और संवैधानिक निकायों का राजनीतीकरण कर दिया है, जिससे नागरिकों को उनके अधिकारों और न्याय से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, बंगाल में सत्ता में आने के बाद हम दिल्ली पर कब्जा करेंगे। भाजपा ने सभी संवैधानिक निकायों को अपने पार्टी कार्यालयों में बदल दिया है।