सबिता, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मंत्री फिरहाद हकीम ने शुक्रवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में कौन और कहा घुसपैठिया है, अमित शाह बतायें। बंगाल उनकी धमकियों से डरने वाला नहीं है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में 15 वादों में से एक घुसपैठियों को रोकने के लिए विशेष योजना की बात कही है। इस पर तृणमूल ने पलटवार किया है। फिरहाद हकीम ने कहा कि भाजपा सत्ता में नहीं आयेगी। हम सभी लोग जैसे मिलजुल कर रहते थे वैसे ही रहेंगे। लोग डर के माहौल में नहीं रहेंगे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखेंगे। अमित शाह बार-बार कौन से घुसपैठियों की बात करते हैं, ये घुसपैठिये कहां हैं, वे बतायें। बंगाल के लोग उनके डर के साये में नहीं जीयेंगे।
फिरहाद हकीम ने भाजपा पर हमला करते हुए “घुसपैठियों” के मुद्दे को चुनौती दी। उन्होंने सीधे अमित शाह से पूछा कि वे स्पष्ट करें कि बंगाल में “घुसपैठिये” कौन हैं और वे कहां हैं। उल्लेखनीय है कि “घुसपैठ” का मुद्दा लंबे समय से बंगाल की राजनीति में संवेदनशील रहा है, खासकर बांग्लादेश सीमा के कारण। भाजपा इसे राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय बताती है, जबकि तृणमूल इसे राजनीतिक ध्रुवीकरण की कोशिश मानती है। तृणमूल का कहना है कि भाजपा घुसपैठ के मुद्दे को लेकर बंगाल को निशाना बनाती है।