राजेश, सन्मार्ग संवाददाता
बीरभूम: इच्छाशक्ति, लगन और कड़ी मेहनत हो तो गांव के एक साधारण परिवार से भी देश के प्रमुख अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान इसरो तक पहुंचा जा सकता है, इसका उदाहरण बीरभूम जिले के मुरारई/मड़ग्राम थाना क्षेत्र के कानईपुर गांव के युवक मोहम्मद सुल्तान ने पेश किया है। किसान परिवार के बेटे सुल्तान अब इसरो में वैज्ञानिक के पद पर चुने गए हैं। उनकी इस सफलता से परिवार वालों से लेकर पूरा गांव बेहद खुश है।
बचपन से ही कानईपुर गांव में पले-बढ़े सुल्तान ने गांव के ही स्कूल से माध्यमिक परीक्षा पास की। पढ़ाई में अच्छे होने के कारण परिवार वालों ने उन्हें उच्च शिक्षा के लिए गांव से बाहर भेजने का फैसला किया। इसके बाद उन्होंने हावड़ा के अल-अमीन मिशन से अच्छे अंकों के साथ उच्च माध्यमिक (12वीं) की परीक्षा पास की। आगे चलकर उन्होंने आलिया विश्वविद्यालय से बीटेक और जादवपुर विश्वविद्यालय से एमटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद पीएचडी करने के लिए उन्होंने आईआईटी खड़गपुर में दाखिला लिया।
वहां पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने इसरो की अखिल भारतीय परीक्षा में हिस्सा लिया। आखिरकार 22 अक्टूबर को परिणाम घोषित होते ही लंबे समय से प्रतीक्षित खुशखबरी आई। अखिल भारतीय मेरिट सूची में 38वां स्थान प्राप्त कर मोहम्मद सुल्तान इसरो के वैज्ञानिक चुने गए। नतीजे आते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को फोन कर अपनी सफलता की जानकारी दी, जिसे सुनकर घरवालों के साथ-साथ आस-पड़ोस के लोग भी खुशी से झूम उठे। सुल्तान की इस कामयाबी के पीछे उनके किसान पिता की अथक मेहनत और त्याग है। इसके साथ ही बड़े भाई और भाभी का योगदान भी किसी तरह कम नहीं रहा।
हालांकि, सुल्तान की जीवनशैली का एक पहलू और भी दिलचस्प है। पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें क्रिकेट खेलना और फिल्में देखना पसंद है। यहां तक कि पढ़ाई के लिए उनकी कोई तय समय-सारिणी भी नहीं थी; जब मन करता, तभी पढ़ने बैठते थे। यानी वे केवल किताबों में ही डूबे नहीं रहते थे, बल्कि अपनी पसंद के कामों के लिए भी समय निकालते थे।
कानईपुर जैसे छोटे से गांव से निकलकर देश की अंतरिक्ष अनुसंधान संस्था इसरो में वैज्ञानिक बनना निस्संदेह एक बड़ी उपलब्धि है। मोहम्मद सुल्तान की यह कामयाबी केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे बीरभूम जिले का गौरव है।
इस सफलता के पीछे भाभी रुबीना खातून की बड़ी भूमिका रही है, जिन्होंने सुल्तान को अपने बेटे की तरह पढ़ाया। रुबीना ने कहा, “जब मैं शादी करके इस घर में आई थी, तब देवर सुल्तान छठी कक्षा का छात्र था। आते ही उसकी प्रतिभा मेरी नजर में आई। तभी से मैं उसकी पढ़ाई के पीछे लग गई। मुझसे जितना बन पड़ा, मैंने पढ़ाई में उसकी मदद की।