बर्दवान : बर्दवान में 11 से 13 सितंबर तक ''कॉइन एग्जीबिशन-२०२६'' का आयोजन किया गया। DOTCOM (Doctor of Coins & Money) की पहल पर आयोजित इस प्रदर्शनी में दुर्लभ सिक्कों की प्रदर्शनी के साथ-साथ उनकी खरीद-बिक्री भी की गई। एक्सपो के आयोजकों की ओर से सलाहकार रवि सेवक ने बताया कि बर्दवान में इस तरह की प्रदर्शनी पहली बार 2023 में आयोजित की गई थी। इस बार दूसरी बार आयोजित इस प्रदर्शनी की मुख्य थीम ''बंगाल के स्वतंत्रता का इतिहास'' है। ''कॉइन एग्जीबिशन'' नाम होने के बावजूद, प्रदर्शनी में न केवल दुर्लभ सिक्के बल्कि प्राचीन व दुर्लभ डाक टिकट, समाचार पत्र, बैच, मेडल और पत्रों सहित कई ऐतिहासिक सामग्रियां शामिल की गईं। आयोजकों ने बताया कि आजाद हिंद फौज सरकार के सिक्के, सेना के बैच व मेडल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस का हस्तलिखित पत्र भी प्रदर्शनी में रखा गया है। इसके साथ ही रवींद्रनाथ टैगोर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़ी विभिन्न जानकारियां भी प्रस्तुत की गई हैं। DOTCOM के विनीत लुंडिया ने बताया कि पुराने व दुर्लभ सिक्कों या ऐतिहासिक सामानों की खरीद-बिक्री के मामले में लोगों को धोखाधड़ी से बचाना और जागरूक करना उनका मुख्य उद्देश्य है। विशेष रूप से ऑनलाइन धोखाधड़ी को लेकर भी जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है। विनीत लुंडिया के अनुसार, 30 स्टॉलों के साथ आयोजित इस प्रदर्शनी में आम लोग दुर्लभ चीजें खरीदने के साथ-साथ बेच भी रहे हैं। इस प्रदर्शनी को लेकर सिक्का संग्राहकों के बीच भारी उत्साह देखा गया।