नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती से सवाल पूछते भाजपा कर्मी 
आसनसोल

गाड़ी रोक भाजपा कर्मी ने पूर्व विधायक से पूछा - कहां गया विकास और जनता के पैसे का हिसाब ?

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, खस्ताहाल सड़कों और भ्रष्टाचार को लेकर तीखी नोंकझोंक

Sanjay Singh

पांडवेश्वर: सड़क पर जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढे, बिखरी गिट्टियां और हिचकोले खाते वाहन। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हुई सड़क ने महज एक साल के भीतर ही दम तोड़ दिया। इसी बदहाल सड़क और जनता के पैसे का हिसाब मांगने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पांडवेश्वर के पूर्व तृणमूल विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की गाड़ी को बीच रास्ते में रोककर तीखे सवालों की बौछार कर दी। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में भाजपा कार्यकर्ता राहुल बनर्जी पूर्व विधायक से सीधे सवाल करते दिख रहे हैं। उन्होंने पूछा, “जो सड़क आपके कार्यकाल में बनी थी, वह सालभर के भीतर ही गड्ढों में कैसे तब्दील हो गई? निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निगरानी कौन कर रहा था?”

उन्होंने कहा कि उखड़ा-श्यामसुंदरपुर कोलियरी तथा लाउदोहा से सरपी मोड़ तक की सड़कें बेहद जर्जर हो चुकी हैं। सड़क की दुर्दशा के कारण आए दिन ई-रिक्शा पलट रहे हैं और राहगीर चोटिल हो रहे हैं। विकास के नाम पर भारी वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी सीधी जवाबदेही पूर्व विधायक की बनती है। वीडियो में ऋषि मंडल नामक एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता को पूर्व विधायक से यह कहते हुए भी सुना गया कि "आपने मेरी नौकरी छीनी है।" खुद को सवालों से घिरता देख पूर्व विधायक ने ड्राइवर को तुरंत गाड़ी आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। हालांकि सन्मार्ग वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है ।इस मामले में पूर्व विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती का कोई आधिकारिक बयान भी सामने नहीं आया है ।

SCROLL FOR NEXT