जामुड़िया : जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 में पीएन मुखर्जी रोड से एनएच-19 स्थित श्रीपुर मोड़ से डॉक्टरखाना तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य का शनिवार को जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने निरीक्षण किया। विधायक ने मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण की प्रगति, इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री तथा कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने ठेकेदार एवं कार्य में लगे मुंशी को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि सरकारी राशि से होने वाले विकास कार्यों का सीधा लाभ आम लोगों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, “सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की बेईमानी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ठेकेदार और मुंशी स्पष्ट रूप से समझ लें कि काम निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए। यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी या किसी तरह की गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी जरूरी है। विधायक ने संबंधित लोगों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
इस मौके पर वार्ड संख्या 12 के भाजपा नेता तथा आसनसोल जिला भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के आईटी प्रभारी धर्मेंद्र नोनिया ने कहा कि सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा, “स्थानीय लोगों की लंबे समय से सड़क की समस्या को लेकर शिकायत रही है। अब निर्माण कार्य शुरू होने से लोगों में उम्मीद जगी है। हमारी मांग है कि सड़क मजबूत और टिकाऊ बने तथा निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।”
उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्य की स्थिति पर नजर रखी जाएगी और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान धर्मेंद्र नोनिया, प्रमोद पाठक, अशोक साव, कुमार विनोद पांडेय, मृत्युंजय बाउरी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
Dhananjay Pathak
सड़क निर्माण का विधायक ने किया निरीक्षण गुणवत्ता में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी